आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
सगड़ी (आजमगढ़): आजमगढ़ जनपद के सगड़ी तहसील क्षेत्र अंतर्गत जीयनपुर कोतवाली के अंतर्गत शनिवार देर रात एक बड़ी पुलिस कार्रवाई में अश्वनी चौहान हत्याकांड के दो फरार इनामिया अपराधी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। दोनों के पैरों में गोली लगने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गौरतलब है कि भरौली गांव निवासी अश्वनी चौहान पुत्र रामकुंअर की हत्या बीते दिनों रात्रि 11 बजे उस समय कर दी गई थी जब वह जीयनपुर के हसनपट्टी से दावत खाकर वापस लौट रहे थे। आरोपियों ने लाठी-डंडा और अन्य हथियारों से हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में कई आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, लेकिन दो मुख्य आरोपी सरफुद्दीन और सौरभ यादव उर्फ करइया फरार चल रहे थे।
इन दोनों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था और एसओजी तथा स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी थीं। शनिवार रात्रि करीब 2 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी बाइक से लाटघाट क्षेत्र के ग्राम पंचायत लाटघाट के पूर्वा जम्मनपुर (आसपुर) की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेरेबंदी की। पुलिस को देख दोनों आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी और रौनापार रोड होते हुए देवारा रामपुर की ओर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों के पैरों में लगी, जिससे वे घायल हो गए। उन्हें मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
इस मुठभेड़ में कई थानों की पुलिस, एसओजी टीम और क्षेत्रीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।