आजमगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सगड़ी तहसील क्षेत्र के श्री गांधी पीजी कॉलेज मालटारी में शनिवार को एकल नाट्य मंचन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सृष्टि थिएटर संस्था और विविध सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मशहूर उर्दू लेखिका की चर्चित कहानी ‘घरवाली’ का मंचन किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कॉलेज की प्राचार्या सुचिता श्रीवास्तव रहीं। उन्होंने कलाकारों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नाट्य मंचन समाज में साहित्य और संवेदनाओं को जीवित रखते हैं।
नाटक का निर्देशन और एकल अभिनय रंगकर्मी सतेंद्र यादव ने किया। उन्होंने अपने अभिनय से कहानी के पात्रों और भावनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। संगीत संयोजन अभिमन्यु यादव ने किया, जबकि लाइट डिजाइन अंगद कश्यप द्वारा किया गया। मंच के पीछे नीतीश यादव, आकाश यादव और अनूप यादव ने सहयोग किया।
नाटक की कहानी स्वच्छंद जीवन की चाह रखने वाली महिला लाजो के इर्द-गिर्द घूमती है। लाजो मिर्जा इरफान बेग से निकाह के बाद भी पारंपरिक बंधनों में संतुष्ट नहीं रहती और अपने तरीके से जीवन जीना चाहती है। उसकी आदतों से मिर्जा परेशान रहते हैं और अंततः उसे तलाक दे देते हैं। लेकिन कहानी के अंत में परिस्थितियाँ ऐसी बनती हैं कि मिर्जा को फिर से लाजो को घर में रखने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
नाटक ने महिला स्वतंत्रता, सामाजिक सोच और रिश्तों की जटिलताओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय और प्रस्तुति की जमकर सराहना की।