Breaking News

जय श्रीराम के जयकारों के बीच निकली 101 कलशों की भव्य शोभायात्रा, आज से शुरू हुई श्रीराम कथा


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

सगड़ी (आजमगढ़)- सगड़ी तहसील के हरसिंहपुर गांव स्थित प्राचीन मां शीतला धाम में आयोजित श्रीराम कथा एवं ज्ञान यज्ञ के लिए शनिवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। जय श्रीराम और मां भगवती शीतला के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

गुजरपार के निकट प्रवाहित तमसा नदी से 101 कलशों में पवित्र जल भरकर कन्याओं ने शोभायात्रा की अगुवाई की। इस दौरान क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं और पुरुष श्रद्धा और भक्ति के साथ यात्रा में शामिल हुए। श्रद्धालु लगभग दो किलोमीटर पैदल चलकर शीतला धाम पहुंचे। मंदिर परिसर में कर्मकांडी ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंडप में विधि-विधान से कलश स्थापित कराया।

आयोजकों के अनुसार हरसिंहपुर स्थित प्राचीन मां शीतला धाम में 7 मार्च से 14 मार्च तक श्रीराम कथा एवं ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया गया है। प्रसिद्ध कथावाचक पूज्य श्री प्रेमभूषण जी महाराज यज्ञ अवधि तक श्रद्धालुओं को रामकथा का अमृत पान कराएंगे।

श्री शारदा माता सेवा समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अपने पिता स्व. पारसनाथ सिंह, माता स्व. सुमित्रा सिंह तथा पूर्वजों की स्मृति और जनकल्याण के उद्देश्य से यह आयोजन पिछले चार वर्षों से कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 14 मार्च को हवन-पूजन और प्रसाद वितरण के साथ कथा एवं ज्ञान यज्ञ की पूर्णाहुति होगी।

मंदिर के पुजारी लीला दास ने कहा कि यज्ञ से व्यक्ति के साथ पूरे क्षेत्र का कल्याण होता है। वहीं विभाग प्रचारक दीनानाथ जी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन तभी संभव होते हैं जब व्यक्ति के जीवन में पुण्य कर्मों का उदय होता है।

कलश शोभायात्रा में रीता सिंह, राजेश कुमार सिंह, प्रेमभूषण सिंह, मनोज कुमार श्रीवास्तव, दिवाकर सिंह, कंचन सिंह, पूजा सिंह, प्रशांत कुमार सिंह, सुशांत व शशांक सिंह, बालकरण, संत लीला दास, रवि शंकर मिश्र, मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

और नया पुराने