Breaking News

फूलपुर में पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन किशोरों की मौत; छह घायल


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

जगदीशपुर पेट्रोल पंप के पास तड़के हुआ हादसा, दो गंभीर घायलों को हायर सेंटर भेजा गया

आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब चार बजे जगदीशपुर पेट्रोल पंप के पास हुई। कार में कुल नौ लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि तेज गति के कारण कार अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ लोग उसमें फंस गए।

हादसे की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

दुर्घटना में फूलपुर कस्बा निवासी निखिल मद्धेशिया (17), लकी सोनकर (16) और सत्यम मोदनवाल (17) की मौत हो गई। वहीं सक्षम बरनवाल (17) और अंश सोनकर (16) गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर चिकित्सा के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।

कार में सवार चार अन्य लोगों को भी चोटें आईं। उनकी स्थिति गंभीर नहीं बताई गई और उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दुर्घटना के कारणों और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

एक ही सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत की सूचना से उनके परिवारों में मातम छा गया। घटना के बाद फूलपुर कस्बे में भी शोक का माहौल है।

और नया पुराने