आजमगढ़। पुलिस विभाग में पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने थाना अहरौला और थाना अतरौलिया के थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थानाध्यक्ष अहरौला उपनिरीक्षक मंतोष सिंह और थानाध्यक्ष अतरौलिया उपनिरीक्षक देवेन्द्र नाथ दुबे पर अपने पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही, उदासीनता और अनुशासनहीनता बरतने के आरोप पाए गए हैं।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि दोनों अधिकारियों के थाना प्रभारी के रूप में तैनाती के दौरान विवेचनाओं को लंबित रखने, निर्धारित समय में उनके निस्तारण में लापरवाही बरतने तथा उच्चाधिकारियों के आदेश और निर्देशों का अनुपालन नहीं करने के मामले सामने आए। इन आरोपों के आधार पर एसएसपी ने दोनों को निलंबित करने का निर्णय लिया।
निलंबित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही भी प्रचलित बताई गई है। पुलिस विभाग ने जिले के सभी पुलिसकर्मियों को अपने पदीय दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और उच्चाधिकारियों के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ड्यूटी में लापरवाही, उदासीनता या अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।