जीयनपुर, आजमगढ़। घर का ताला तोड़कर चोरी के मामले में तीन वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को जीयनपुर पुलिस ने स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी मंगलवार सुबह चंगईपुर तिराहे से की गई।
पुलिस के मुताबिक, 6 जुलाई 2022 को पनशब्दा निवासी स्वेता सिंह ने जीयनपुर थाने में तहरीर देकर सर्वेश सिंह और विकाश उर्फ अभिषेक के खिलाफ घर का ताला तोड़कर आभूषण, बर्तन और नकदी चोरी करने का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 457 और 380 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान विकाश उर्फ अभिषेक के कब्जे से 20,024 रुपये बरामद होने पर धारा 411 की बढ़ोतरी की गई और उसके खिलाफ आरोप-पत्र न्यायालय भेज दिया गया।
वहीं, दूसरा आरोपी सर्वेश सिंह गिरफ्तारी से बचता रहा। पुलिस के अनुसार, न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर उसके खिलाफ 31 दिसंबर 2023 को कुर्की की कार्रवाई की गई तथा मामले में उसे फरार घोषित करते हुए चालान मफरूरी किया गया। लगातार फरारी को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने 7 सितंबर 2026 को उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था।
इसी क्रम में मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण तथा जीयनपुर थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने पनशब्दा निवासी सर्वेश सिंह (30) को चंगईपुर तिराहे से सुबह करीब 10:55 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रौनापार थाने में दर्ज वर्ष 2022 के एक अन्य मामले में भी वांछित है। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 363 और 366 के तहत मुकदमा दर्ज है, जिसकी विवेचना आजमगढ़ एएचटीयू द्वारा की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उसके आपराधिक इतिहास में जीयनपुर और रौनापार थानों में दर्ज चोरी, न्यायालय की अवहेलना तथा अन्य मामलों का उल्लेख पुलिस ने किया है।