Breaking News

पुरानी रंजिश में युवक के गले में रस्सी का फंदा डालकर हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के इटैली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर युवक के साथ मारपीट करने और उसके गले में रस्सी का फंदा डालकर जान से मारने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 01 सितंबर 2026 को दौलत पाण्डेय पुत्र अनिरुद्ध पाण्डेय निवासी इटैली ने थाना रौनापार में तहरीर दी थी। आरोप था कि उनका भाई सौरभ पाण्डेय गोबर फेंकने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से उसके गले में रस्सी का फंदा डालकर कस दिया। आरोप है कि इसके बाद लाठी-डंडे और लोहे की सब्बल से भी मारपीट की गई। घटना में सौरभ बेहोश हो गया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

तहरीर के आधार पर 11 सितंबर 2026 को थाना रौनापार में मुकदमा अपराध संख्या 259/2026 दर्ज किया गया। मुकदमे में चन्द्रसेन पटेल समेत छह आरोपियों को नामजद किया गया था। विवेचना के दौरान मामले में धारा 117(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।

घर से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक, 04 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक चन्द्रदेव यादव ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त चन्द्रसेन पटेल पुत्र रामाश्रय पटेल, उम्र करीब 28 वर्ष, निवासी ग्राम इटैली, थाना रौनापार को उसके घर से सुबह करीब 9:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, चन्द्रसेन पटेल के विरुद्ध वर्ष 2019 में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और घर में घुसने से संबंधित मुकदमा थाना रौनापार में दर्ज था। इसके अलावा वर्तमान मुकदमा भी उसके आपराधिक इतिहास में दर्ज है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चन्द्रदेव यादव, कांस्टेबल मन्टू यादव और कांस्टेबल प्रमोद कुमार शामिल रहे।


और नया पुराने