आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
6 बिहार निवासी समेत 7 आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़: पुलिस ने एक बड़े साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 6 बिहार और 1 उत्तर प्रदेश का निवासी शामिल है। ये गिरोह ऑनलाइन गेमिंग, बेटिंग और जुए के नाम पर लोगों से रोजाना लाखों रुपये की ठगी करता था। पुलिस ने इनके कब्जे से 5 लाख रुपये मूल्य के उपकरण, 12 मोबाइल फोन और 4 लैपटॉप बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु NCRP पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में थाना अतरौलिया निवासी शिवकुमार की शिकायत की जांच के दौरान एक संदिग्ध मोबाइल नंबर का लोकेशन लखनऊ में मिला। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी विश्लेषण के बाद लखनऊ स्थित इस गैंग के हेड ऑफिस पर छापेमारी कर गिरोह का भंडाफोड़ किया गया।
यह संगठित गिरोह देशभर में फैली अपनी ब्रांच ऑफिसों के माध्यम से फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल कर रोजाना करोड़ों रुपये की अवैध ऑनलाइन बेटिंग कराता था। कमाई का एक बड़ा हिस्सा हवाला और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए विदेशों, खासकर यूएई, में भेजा जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:
1. रणवीर कुमार (25), सहरसा, बिहार
2. मो. शारीख शेख (22), सहरसा, बिहार
3. मो. रफीक (23), सहरसा, बिहार
4. अंगद कुमार (23), सहरसा, बिहार
5. बदरुल (23), सहरसा, बिहार
6. कृष्ण कुमार (29), मधुबनी, बिहार
7. आलोक कुमार (21), कानपुर, उत्तर प्रदेश
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लखनऊ स्थित हेड ऑफिस से पूरे नेटवर्क का संचालन करते थे। फर्जी खातों के माध्यम से धन संग्रह, उसकी ट्रांसफरिंग, कैश विदड्रॉल, क्रिप्टो में रूपांतरण और अंतरराष्ट्रीय ट्रांजैक्शन की बैलेंसशीट तैयार करने जैसे सभी कार्य इसी हेड ऑफिस से किए जाते थे।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और ब्रांच ऑफिसों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।