Breaking News

सपा-भाजपा नेताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर दी होली की शुभकामनाएं।


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

प्रेम और सौहार्द का दिया संदेश।

आजमगढ़: होली का पर्व न केवल रंगों का त्योहार है, बल्कि यह आपसी गिले-शिकवे भुलाकर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश भी देता है। राजनीति और विचारधाराओं के मतभेदों के बावजूद, सपा और भाजपा के नेताओं ने इस पावन अवसर पर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर सद्भावना और एकता का संदेश दिया।


सगड़ी तहसील क्षेत्र के लाटघाट बाजार स्थित शुभोत्सव गार्डन मैरिज हॉल में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर सगड़ी विधायक डॉ. एच. एन. सिंह पटेल, भाजपा नेता एवं अजमतगढ़ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष मिश्रा, तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का फूल-मालाओं और अबीर-गुलाल से भव्य स्वागत किया गया।

समारोह में नेताओं और स्थानीय नागरिकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर प्रेम और सौहार्द का परिचय दिया। इस दौरान सगड़ी विधायक डॉ. एच. एन. सिंह पटेल ने पारंपरिक फगुआ और चइता गीत गाकर माहौल में रंग भर दिया, जिससे वहां मौजूद सभी लोग झूमने पर मजबूर हो गए।

कार्यक्रम के आयोजक श्रीनिवास पटेल,चन्द्रकेश राय, अमित राय ने कहा कि होली का त्योहार समाज में भाईचारे और प्रेम को बढ़ावा देता है।

यह सभी भेदभावों को मिटाकर लोगों को एक सूत्र में बांधता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शांति और सद्भाव के साथ होली मनाने की अपील की और सभी को इस उल्लासमय पर्व की शुभकामनाएं दीं।

और नया पुराने