फूल-मालाओं और अबीर-गुलाल से हुआ अतिथियों का भव्य स्वागत
रंगों की मस्ती में सराबोर हुए लोग, दी एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं
आज़मगढ़: सगड़ी तहसील क्षेत्र के अजमतगढ़ विकासखंड स्थित बनकटिया ग्राम सभा में ग्राम प्रधान विश्वनाथ मौर्य के आवास पर होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हर्षोल्लास के साथ इस रंगारंग पर्व को मनाया।
समारोह में उपस्थित भाजपा नेता संतोष सिंह टीपू, अजमतगढ़ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष मिश्रा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों का फूल-मालाओं और अबीर-गुलाल से भव्य स्वागत किया गया। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व का आनंद लिया।
समारोह में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सभी रंगों की मस्ती में सराबोर हो गए। महिलाओं ने भी पारंपरिक ढंग से होली खेलते हुए त्योहार की खुशियों को साझा किया।
ग्राम प्रधान विश्वनाथ मौर्य ने कहा कि होली आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है।
यह पर्व समाज में भेदभाव को मिटाकर आपसी सौहार्द को बढ़ावा देता है। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए शांति और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की।वही दोनों भाजपा नेताओं ने तीन सौ मीटर इंटरलॉकिंग और 200 मीटर नाली पटिया का शिलान्यास भी किया।समारोह के दौरान पूरे गांव में उमंग और उल्लास का माहौल देखने को मिला, जहां सभी ने एकजुट होकर रंगों के इस पर्व को धूमधाम से मनाया।