आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़। भारतीय राजनीति के चाणक्य, प्रखर वक्ता और कद्दावर नेता स्व. ठाकुर अमर सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि इस वर्ष भी उनके पैतृक जनपद आजमगढ़ के तरवां स्थित चौरी बेलहा महाविद्यालय सभागार में श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई। श्रद्धांजलि समारोह में देश के कोने-कोने से उनके शुभचिंतक, समर्थक और राजनीतिक-सामाजिक क्षेत्र के दिग्गज जुटे।
मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर हरबंस सिंह ने स्व. अमर सिंह को भारतीय राजनीति का पुरोधा बताते हुए कहा कि वह एक ऐसे नेता थे जिन्होंने न केवल सरकारें बनाईं, बल्कि समय-समय पर उन्हें दिशा भी दी। उन्होंने मौके पर अमर सिंह की स्मृति में आजमगढ़ में मूर्ति स्थापना हेतु 5 लाख रुपए देने की घोषणा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गाजीपुर के पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह ने अमर सिंह के साथ अपने संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा कि अमर सिंह औसत नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में असाधारण थे और सियासत में ईमानदारी से काम करने की प्रेरणा देते थे। विशिष्ट अतिथि और सुप्रीम कोर्ट बार काउंसिल के पूर्व उपाध्यक्ष प्रदीप राय ने अमर सिंह को बहुआयामी प्रतिभा का धनी बताते हुए कहा कि वह राजनीति, व्यापार, फिल्म और सामाजिक क्षेत्र—हर जगह अपनी अमिट छाप छोड़ गए। उन्होंने कहा, "अमिताभ बच्चन जैसे अभिनेता भी उनके प्रति इस कदर समर्पित थे कि अमर सिंह के घर पहुंचने पर उनकी आरती उतारी जाती थी।"
समारोह में समाजसेवियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
प्रभाकर सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अमर सिंह साहस, संकल्प और संघर्ष का प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि आज वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और कर्म हमेशा मार्गदर्शन करते रहेंगे।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि अमर सिंह राजनीतिक सीमाओं से परे जाकर सभी दलों में लोकप्रिय थे और अन्याय के खिलाफ हमेशा मुखर होकर लड़े। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत है।
श्रद्धांजलि सभा में भाजपा नेता रामाधीन सिंह, श्रीकृष्ण पाल, प्रवीण सिंह, पूर्व प्रधान नरेंद्र सिंह, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह, खेल समिति अध्यक्ष रामानंद राजभर सहित कई प्रमुख वक्ताओं ने उन्हें याद किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमन सिंह ने किया।
इस अवसर पर अजय सिंह, राघवेंद्र सिंह राजू, अनिल कुमार सिंह, विनोद सिंह, विक्रम बहादुर सिंह, अखिलेश सिंह, भूपेंद्र सिंह, मिथिलेश सिंह, राकेश सिंह, वीरभद्र प्रताप सिंह, बृजेश यादव, संजय सिन्हा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।