सगड़ी में अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन।


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

चौकी इंचार्ज बनकट और SHO मुबारकपुर पर पक्षपात का आरोप।

आजमगढ़ ज़िले के सगड़ी तहसील परिसर में गुरुवार को अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। मामला अधिवक्ता मान सिंह यादव पर FIR दर्ज होने और उसी विवाद में अधिवक्ता पक्ष की ओर से दी गई तहरीर पर FIR दर्ज न किए जाने से जुड़ा है। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज बनकट और SHO मुबारकपुर ने पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया है और अधिवक्ताओं की शिकायत को नजरअंदाज किया है।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता संघ के सदस्यों ने कहा कि यह घटना अधिवक्ता समाज के सम्मान पर चोट है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अधिवक्ता की ओर से भी FIR दर्ज नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अधिवक्ताओं ने ऐलान किया कि आवश्यकता पड़ने पर वे मुबारकपुर थाने का घेराव भी करेंगे और बड़े पैमाने पर आंदोलन की रणनीति अपनाई जाएगी।
अधिवक्ताओं का कहना था कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए, लेकिन पुलिस प्रशासन एकतरफा कार्रवाई कर रहा है, जो न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की ताकि अधिवक्ता पक्ष को भी न्याय मिल सके।
इस दौरान तहसील परिसर में “SHO मुबारकपुर और चौकी इंचार्ज बनकट होश में आओ” तथा “अधिवक्ताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं” जैसे नारे गूंजते रहे। अधिवक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि पूरे अधिवक्ता समुदाय की गरिमा का सवाल है, जिसे किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।

और नया पुराने