Breaking News

🚧 जनप्रतिनिधियों से मायूस ग्रामीणों ने खुद बनाई सड़क


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: अंजनी राय

दुर्गा पूजा व दशहरा मेले को देखते हुए लिया गया निर्णय

लालगंज (आजमगढ़)। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के बसही, बनारपुर होते हुए जाने वाले मार्ग पर स्थित परसौरा मोड़ की सड़क लंबे समय से जर्जर पड़ी थी। जगह-जगह गड्ढे और जलभराव की वजह से राहगीरों का गुजरना मुश्किल हो गया था। बरसात में तो हालात और भी खराब हो जाते थे, आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे थे।
ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। आखिरकार दुर्गा पूजा और दशहरा मेले को देखते हुए ग्रामीणों ने खुद ही आगे बढ़कर समाधान निकालने का फैसला किया। आपस में चंदा इकट्ठा कर ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत शुरू कराई और महज चार दिनों में राबिस, ईंट और मिट्टी डालकर सड़क को दुरुस्त कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि दुर्गा पूजा व मेले में हजारों श्रद्धालु और लोग इस मार्ग से होकर गुजरते हैं। ऐसे में सड़क की बदहाली आयोजन में बड़ी बाधा बन रही थी। सामूहिक प्रयास से अब यह समस्या दूर हो गई है।
इस कार्य में प्रमुख रूप से पूर्व प्रधान कैलाश चौहान, मो. आरिफ (पूर्व प्रधान), शिवम वर्मा उर्फ बाबू, अब्दुल वदूद, अशोक चौहान, मोहम्मद खालिद, आशीष चौहान, सुनील चौहान सहित अन्य ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।

और नया पुराने