Breaking News

घर पहुंचने पर पूनम यादव का जोरदार स्वागत


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: अंजनी राय

लालगंज (आजमगढ़)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के श्रीकांतपुर गाँव की प्रतिभाशाली बेटी पूनम यादव का चयन भारत सरकार के अंतरिक्ष विभाग के तहत राष्ट्रीय वायुमंडलीय अनुसंधान प्रयोगशाला (NARL), तिरुपति, आंध्रप्रदेश में जूनियर रिसर्च फेलो (JRF) के रूप में हुआ है। सोमवार को घर पहुंचने पर परिजनों सहित क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
पूनम यादव, सुंदर लाल स्मारक गौरी इंटर कॉलेज के प्रबंधक गौरीशंकर यादव की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी कॉलेज से प्राप्त की। शिक्षा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूनम ने हाईस्कूल में 88%, इंटरमीडिएट में 83% और बीएससी में 86% अंक अर्जित किए। इसके बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय से भौतिकी में एमएससी 80% अंकों के साथ उत्तीर्ण किया। हाल ही में जयपुर में रहकर उन्होंने प्रतिष्ठित GATE परीक्षा (2025) पास की, जिसने उन्हें इसरो की राष्ट्रीय वायुमंडलीय अनुसंधान प्रयोगशाला में शोध कार्य के लिए अवसर दिलाया।

पूनम की इस उपलब्धि से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गाँव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्वागत समारोह में सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधायक बेचाई सरोज, जिला पंचायत सदस्य श्याम कन्हैया यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा रामजनम यादव, होरी लाल यादव, अरुण यादव, ओमकार राय, पियूषकांत, लाल बहादुर यादव, रमेश गिरी, दुलार यादव, दूरदर्शन गायक निशिकांत दुबे उर्फ निशू बाबा, रोहित यादव, ठाकुर सरोज, राम नवल यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

और नया पुराने