आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
लालगंज (आज़मगढ़)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के श्रीकांतपुर स्थित हनुमान मंदिर में रविवार देर रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर मंदिर से पीतल के दो बड़े घंटे, हनुमान जी की गदा, इनवर्टर, बैटरी और दानपात्र की नकदी उठा ले गए।
सुबह लगभग पाँच बजे जब पुजारी सर्वेश तिवारी रोज़ की तरह पूजा करने मंदिर पहुँचे तो घटना का खुलासा हुआ। उन्होंने देखा कि मंदिर से सारा सामान गायब है। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी और ग्रामीणों ने 112 डायल कर पुलिस को बुलाया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह दूसरी बार है जब मंदिर में चोरी की घटना हुई है। श्रीकांतपुर निवासी लखन उपाध्याय ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देवगांव कोतवाली में दी है।
देवगांव कोतवाल विनल प्रकाश राय ने बताया कि मंदिर में चोरी की घटना की जानकारी मिली है। फिलहाल तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।