आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आज़मगढ़ जनपद के मुबारकपुर क्षेत्र के देवरिया गांव में करंट लगने से संविदा लाइनमैन की मौत के मामले में विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही साबित होने पर एसडीओ और जेई को निलंबित कर दिया गया, वहीं संविदा एसएसओ की सेवा समाप्त कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, मुबारकपुर उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन के रूप में तैनात 48 वर्षीय रामदुलारे गुप्ता, निवासी देवरिया गांव, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे देवली खालसा में शटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर का तार ठीक कर रहे थे। इसी बीच अचानक बिजली आ गई और वे करंट की चपेट में आकर नीचे गिर पड़े। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की जांच अधीक्षण अभियंता (द्वितीय) दिग्विजय सिंह और अधिशासी अभियंता ने की। जांच में खुलासा हुआ कि उपकेंद्र पर तैनात संविदा एसएसओ संजय यादव ने नियमों की अनदेखी करते हुए बिना सुरक्षा किट और बिना चेकलिस्ट सत्यापन के ही फोन पर शटडाउन दे दिया था। इसी गंभीर लापरवाही के कारण हादसा हुआ।
मुख्य अभियंता इंजीनियर रामबाबू के मुताबिक, प्रबंध निदेशक शंभू कुमार ने मुबारकपुर के एसडीओ अभिषेक राय और जेई अमन वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर गोरखपुर द्वितीय मुख्य अभियंता कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। वहीं संविदा एसएसओ संजय यादव की सेवा समाप्त कर दी गई है।