आजमगढ़। सगड़ी विधानसभा क्षेत्र (345) की लंबे समय से जर्जर सड़कों को लेकर विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने लखनऊ में प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग से मुलाकात कर जीयनपुर चौक से अजमतगढ़ होते हुए मऊ बॉर्डर तक तथा रौनापार चौक से लाटघाट होते हुए मऊ बॉर्डर तक की अति जर्जर सड़कों के उच्चीकरण और चौड़ीकरण का मुद्दा मजबूती से उठाया।
विधायक ने बताया कि ये दोनों मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, लेकिन वर्षों से बदहाल स्थिति के कारण आमजन, व्यापारियों और छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रमुख सचिव को पत्र सौंपते हुए शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश देने का आग्रह किया।
डॉ. एच.एन. सिंह पटेल के अनुसार, इन सड़कों के चौड़ीकरण और उच्चीकरण से न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। प्रमुख सचिव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि विधायक के इस प्रयास से जल्द ही सगड़ी विधानसभा की सड़कों की तस्वीर बदलेगी और वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी।