Breaking News

बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश चुनाव: दूसरे दिन आजमगढ़ में दिखी गहमागहमी


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के दूसरे चरण का चुनाव शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर में शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। सुबह 10 बजे से शुरू हुए मतदान को लेकर कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई। चुनावी माहौल को लेकर पूरे परिसर में गहमागहमी बनी रही।


कचहरी गेट के सामने प्रत्याशियों ने अपने-अपने टेंट लगाकर प्रचार किया और अधिवक्ताओं से अपने पक्ष में मतदान की अपील की। इस बार बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के 25 सदस्य पदों के लिए कुल 333 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें आजमगढ़ में प्रैक्टिस करने वाले चार अधिवक्ता बजरंग मिश्रा, किलेंद्र उपाध्याय, शशिकांत पांडेय और विजय प्रताप यादव भी शामिल हैं।

चुनाव एकल संक्रमणीय पद्धति के तहत वरीयता क्रम से कराया जा रहा है। पूरी चुनाव प्रक्रिया इलाहाबाद हाईकोर्ट की देखरेख में संपन्न हो रही है। जनपद में कुल 3953 अधिवक्ता मतदाता हैं।

प्रत्याशी अरुण कुमार त्रिपाठी के जूनियर राहुल तिवारी ने बताया कि वह वाराणसी के रहने वाले हैं और अपने सीनियर के प्रचार के लिए आजमगढ़ आए हैं। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में उन्हें अच्छा माहौल और अधिवक्ताओं का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उनके अनुसार अरुण कुमार त्रिपाठी ने पहले भी अधिवक्ता हित में बेहतर काम किया है। उन्होंने बताया कि यह चुनाव कुल चार चरणों में संपन्न होगा।

वहीं बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के प्रत्याशी और लखनऊ में प्रैक्टिस कर रहे अंबेडकर नगर निवासी अधिवक्ता सैयद महफूज उर रहमान फैजी ने कहा कि आजमगढ़ आकर उन्हें अपने घर जैसा महसूस हो रहा है। यहां अधिवक्ताओं का जो स्नेह और समर्थन मिल रहा है, वह उत्साह बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि यदि अधिवक्ताओं का समर्थन मिला तो एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को लागू कराना उनकी प्राथमिकता होगी और इस मुद्दे पर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह बना हुआ है और देर शाम तक मतदान जारी रहने की संभावना है।


और नया पुराने