Breaking News

हॉकी प्रतियोगिता के तीसरे दिन क्वार्टर फाइनल में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। जिले के तरवां क्षेत्र में आयोजित स्वर्गीय चंद्रदीप सिंह स्मारक 11वीं अखिल भारतीय इनामी हॉकी प्रतियोगिता के तीसरे दिन रविवार को क्वार्टर फाइनल के रोमांचक मुकाबले खेले गए। इस दौरान कुल चार मुकाबले हुए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईएएस, पूर्व प्रमुख सचिव कुंवर फतेह बहादुर रहे। उन्होंने कहा कि तरवां की हॉकी पूरे उत्तर प्रदेश में प्रसिद्ध है और यहां के खिलाड़ी आज भी जूनियर इंडिया टीम में खेल रहे हैं। खेल आपसी प्रेम, अनुशासन और भाईचारे को बढ़ावा देता है। उन्होंने मैदान के विकास के लिए प्रयास जारी रखने की बात भी कही।
विशिष्ट अतिथि पूर्व कुलपति दीप नारायण यादव रहे।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अनुराग सिंह सोनू, शिव शंकर सिंह, ऋषिकांत राय, एडीएम सुल्तानपुर राकेश सिंह सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। आयोजन समिति की ओर से प्रभाकर सिंह ने अतिथियों का आभार जताया।

क्वार्टर फाइनल के पहले मुकाबले में सीआईएसएफ चंडीगढ़ (पंजाब) ने स्वर्गीय चंद्रदीप सिंह अकादमी को एक गोल से हराया। दूसरे मैच में एनईआर रेलवे गोरखपुर ने एनसीईआर सोनीपत (हरियाणा) को दो-एक से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में यूपी पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल लखनऊ को दो गोल से शिकस्त दी। चौथे मैच में एनसीईओ लखनऊ ने लोधी सिंह द्वारिका अकादमी आठगांव को दो-एक से हराकर जीत दर्ज की।

प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया और सेमीफाइनल के लिए माहौल तैयार कर दिया।


और नया पुराने