Breaking News

काजी की डिगवनिया विद्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस बना शिक्षा, विज्ञान और राष्ट्रभक्ति का उत्सव


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। जनपद के शिक्षा क्षेत्र अजमतगढ़ अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय काजी की डिगवनिया में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्ष, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर दिनभर शिक्षा, संस्कृति, विज्ञान और अनुशासन की जीवंत मिसाल बना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष कुमार मिश्रा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं की सरस्वती वंदना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार ओझा ने की। मुख्य अतिथि सगड़ी विधायक डॉ. एच. एन. सिंह पटेल ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि सरकारी विद्यालयों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और विश्वास की है। उन्होंने विद्यालय के शैक्षिक और सहगामी प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए भारत की विविधता में एकता का संदेश दिया, अनुशासन और एकजुटता दर्शाती पीटी परेड निकाली तथा गांव भ्रमण कर शिक्षा, स्वच्छता और राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी रही, जिसमें जल संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण सुरक्षा, डिजिटल इंडिया, स्वास्थ्य और विज्ञान आधारित नवाचारों को सरल व प्रभावी मॉडलों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी ने यह स्पष्ट किया कि विज्ञान किताबों तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और जीवन को बेहतर बनाने का सशक्त माध्यम है

विशिष्ट अतिथि मनीष कुमार मिश्रा ने विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और कहा कि ऐसे प्रयोगशील विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 6, 7 और 8 की वार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को मेडल, ट्रॉफी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं वर्ष 2025 में राष्ट्रीय छात्रवृत्ति और सैनिक विद्यालय में चयनित छात्रों को अंगवस्त्र व मेडल प्रदान कर विशेष सम्मान दिया गया।

खेलकूद में बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए खेल अध्यापक लाल जी यादव, सहायक अध्यापक को विधायक द्वारा सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथि मनीष कुमार मिश्रा को राम सिंह द्वारा अंगवस्त्र, माला और रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे राष्ट्र निर्माण में महिलाओं के योगदान का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में आजमगढ़ के लेखा अधिकारी (बेसिक शिक्षा परिषद) विश्वनाथ और पीडब्ल्यूडी मऊ के लेखा अधिकारी शिवनारायन सिंह भी उपस्थित रहे। लेखा अधिकारी विश्वनाथ ने विशेष रूप से बालिकाओं को संबोधित करते हुए सावित्रीबाई फुले और ज्योतिबाई फुले के शिक्षा क्षेत्र में किए गए योगदान पर प्रकाश डाला तथा संविधान से लेकर डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान निर्माता के रूप में किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर प्रेरक वक्तव्य दिया।
सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, अभिभावक और क्षेत्रवासी कार्यक्रम में शामिल हुए और बच्चों के प्रदर्शन को देखकर भावुक नजर आए। विद्यालय के शिक्षक एवं प्रधानाचार्य राम सिंह द्वारा किए गए कायाकल्प कार्यों की सभी ने सराहना की। उल्लेखनीय है कि यह विद्यालय विधायक डॉ. एच. एन. सिंह पटेल द्वारा गोद लिया गया है, जिनके सहयोग से विद्यालय में खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए आधुनिक हॉल का निर्माण कराया गया है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य राम सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। काजी की डिगवनिया का यह विद्यालय आज पूरे क्षेत्र में शिक्षा, अनुशासन, संस्कृति और संस्कार की प्रेरक मिसाल बनकर उभरा है।

और नया पुराने