आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालपुर खरैला गांव में सोमवार को श्रद्धा और सम्मान से भरा कार्यक्रम आयोजित हुआ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने महाराजा पंडित त्रिपुरारी मिश्रा और राजमाता सुमित्रा देवी की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण किया। यह प्रतिमाएं उनके पुत्र राजा संतोष कुमार मिश्रा द्वारा अपने माता-पिता की स्मृति में स्थापित की गई हैं।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतिमा अनावरण के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, गणमान्य नागरिक और राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर राजा संतोष कुमार मिश्रा ने भावुक संबोधन में कहा कि उनके जीवन की हर उपलब्धि उनके माता-पिता के संस्कार, त्याग और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि माता-पिता की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को संस्कारों का संदेश देने के उद्देश्य से यह प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
प्रतिमा अनावरण के पश्चात जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि माता-पिता की प्रतिमा स्थापित करना एक पुण्य कार्य है और यह हमारी संस्कृति व परंपराओं की पहचान को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि माता-पिता ही जीवन की पहली पाठशाला होते हैं और उनके सम्मान से ही समाज की नैतिकता जीवित रहती है।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के विधायक दुर्गा प्रसाद यादव सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।