Breaking News

ट्राई ब्रेकर में CISF चंडीगढ़ चैंपियन, साईं सोनीपत को 5-4 से हराया


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। तरवां क्षेत्र में आयोजित स्वर्गीय चंद्रदीप सिंह 11वीं अखिल भारतीय इनामी हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को रोमांच के चरम पर पहुंच गया। फाइनल में CISF चंडीगढ़ और साईं सोनीपत की टीमें आमने-सामने रहीं। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद ट्राई ब्रेकर के जरिए CISF चंडीगढ़ ने साईं सोनीपत को 5-4 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मैच में दोनों टीमों ने पूरे एक घंटे तक संघर्षपूर्ण और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। पहले, दूसरे, तीसरे और चौथे क्वार्टर में कई मौके बने, लेकिन कोई भी टीम निर्णायक बढ़त नहीं बना सकी। इसके बाद ट्राई ब्रेकर में CISF चंडीगढ़ ने बेहतर संयम और सटीकता दिखाते हुए जीत दर्ज की।

तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने एनआईओएस लखनऊ को 3-1 से पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया।

समापन अवसर पर विजेता CISF चंडीगढ़ को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, उपविजेता साईं सोनीपत को 60 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान पर रही उत्तर प्रदेश पुलिस को 30 हजार रुपये की इनामी राशि, मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

फाइनल मुकाबले का उद्घाटन कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह, CISF के महानिरीक्षक अखिलेश कुमार, आजमगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के पीयूष दुबे, अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक खिलाड़ी ललित उपाध्याय और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने स्वर्गीय चंद्रदीप सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया। अतिथियों ने दोनों फाइनलिस्ट टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का विधिवत शुभारंभ कराया।

इससे पहले आयोजन समिति के अध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्रा ‘गुड्डू’, आयोजन सचिव प्रभाकर सिंह, उपाध्यक्ष संदीप सिंह ‘सोनू’, रामानंद राजभर सहित समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

आयोजन सचिव प्रभाकर सिंह ने कहा कि बीते 11 वर्षों से इस प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य स्वर्गीय चंद्रदीप सिंह हॉकी अकादमी से जुड़े खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।


और नया पुराने