Breaking News

सप्तदिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ का भव्य भंडारे के साथ समापनभक्ति और श्रद्धा से गूंज उठा देवारा तुर्कचारा


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। जनपद के महराजगंज विकासखंड अंतर्गत देवारा तुर्कचारा स्थित श्री गोरखनाथ शिव आश्रम में आयोजित सप्तदिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ का समापन पूर्णाहुति और भव्य भंडारे के साथ संपन्न हुआ। सात दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। समापन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य लाभ अर्जित किया।



अंतिम दिन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन और पूर्णाहुति की विधि संपन्न कराई गई। आचार्यों के स्वर से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही आयोजन स्थल पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी पूरे आयोजन में दिखी।


कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही श्रीराम कथा, जिसका वाचन के शिष्य श्री श्री 1008 बालक दास जी महाराज ने किया। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यपरायणता पर विस्तार से प्रकाश डाला। कथा के दौरान श्रद्धालु भावविभोर दिखे और कई क्षणों में पूरा पंडाल “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा।

समापन अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। स्थानीय विधायक तथा समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं।

पूरा आयोजन बाबा गोरखनाथ शिव आश्रम सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में संपन्न हुआ। ट्रस्ट पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने में सक्रिय भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल, प्रसाद वितरण और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। भंडारे में हजारों लोगों ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया।

आयोजकों ने सभी सहयोगियों, श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सात दिवसीय महायज्ञ ने न केवल देवारा तुर्कचारा बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी धार्मिक चेतना और उत्साह का संचार किया।

और नया पुराने