Breaking News

प्रतिभा सम्मान समारोह में चमके मेधावी, छात्रों व अभिभावकों का हुआ सम्मान


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़ (सगड़ी): सगड़ी क्षेत्र के सतना बाजार स्थित महामृत्युंजय अकैडमी परिसर में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रबंधक संजय सिंह पटेल के निर्देशन में संपन्न हुआ, जबकि संचालन डॉ. रामवेलास सिंह एवं सत्य प्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भी प्रबंधक संजय सिंह पटेल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सगड़ी विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद राष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसमें नैतिक पटेल ने 21वीं रैंक, निशा सोनकर ने 46वीं रैंक प्राप्त की। वहीं पिछले वर्ष अमन पटेल (36वीं रैंक) और प्रियांशु मौर्य (42वीं रैंक) को भी सम्मानित किया गया।


मुख्य अतिथि द्वारा सभी मेधावी छात्रों को माल्यार्पण कर मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके अभिभावकों को भी अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के भूतपूर्व छात्र—संदीप प्रजापति, अंगद कन्नौजिया, दीपक पटेल, शिव सहाय पटेल, सुमित पटेल, भोला पटेल, हरिकेश पटेल, अभिषेक पटेल, शशिकांत पटेल, अमन पटेल, विवेक यादव, शशिकला पटेल एवं आलोक कुमार—को सरकारी सेवा में चयनित होने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके अभिभावकों को भी मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. एच.एन. सिंह पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पिछड़े वर्ग के छात्र-छात्राएं मेहनत के बल पर सफलता हासिल कर रहे हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। वहीं भोजपुरी के प्रसिद्ध हास्य कवि राजाराम गुलाब ने अपनी कविताओं से माहौल को जीवंत कर दिया।

समारोह में क्षेत्र के गणमान्य लोग, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

और नया पुराने