Breaking News

नवरात्रि पर डिघवनिया काजी गौशाला में कथा-पूजन, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भंडारे में लिया प्रसाद

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़ (सगड़ी): तहसील सगड़ी के अजमतगढ़ विकासखंड अंतर्गत डिघवनिया काजी स्थित गौशाला में मंगलवार को नवरात्रि के शुभ अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धा और आस्था का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत श्री सत्यनारायण भगवान की कथा एवं विधि-विधान से पूजन के साथ हुई, जिसे आचार्य द्वारा संपन्न कराया गया। कथा के उपरांत आरती कर प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इसके बाद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दिनेश यादव द्वारा गौपूजन किया गया। गौशाला में मौजूद गायों को केला, हरा चारा, गुड़ और जौ खिलाकर सेवा की गई। शाम के समय भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान इंद्रदेव यादव ने बताया कि नवरात्रि के दौरान हर वर्ष गौशाला में कथा-पूजन और भंडारे का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि गौशाला में गायों के पालन-पोषण का पूरा ध्यान रखा जाता है, हालांकि कभी-कभी आर्थिक संसाधनों की कमी होती है, फिर भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सचिव गरिमा सिंह ने भी सहभागिता निभाते हुए गायों को केला खिलाया। इस दौरान डब्लू यादव, पाखंडी, भीम चौहान, राम विजय यादव, गोलू यादव, रामविलास चौहान, पत्तु चौहान सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

और नया पुराने