Breaking News

सील एजेंसी के उपभोक्ताओं को राहत: 417 इंडेन सिलेंडर सगड़ी की दूसरी एजेंसी को ट्रांसफर


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

एक हफ्ते से गैस के लिए परेशान उपभोक्ताओं को मिली राहत, प्रशासन की निगरानी में हुआ हस्तांतरण

आज़मगढ़ (सगड़ी): सगड़ी तहसील क्षेत्र में गैस उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। जिला पूर्ति अधिकारी के आदेश पर बनकट स्थित तौहीद इंडेन गैस एजेंसी के 417 सिलेंडर मंगलवार देर शाम अलीपुर गांव स्थित सफर ताज इंडेन गैस एजेंसी को हस्तांतरित कर दिए गए। यह कार्रवाई उप जिलाधिकारी सगड़ी और पूर्ति निरीक्षकों की मौजूदगी में कराई गई।

गौरतलब है कि तौहीद गैस एजेंसी पर 16 मार्च को सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी का आरोप लगने के बाद उसे सील कर दिया गया था। साथ ही आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर भी दर्ज की गई थी। एजेंसी के सील होने के कारण उससे जुड़े उपभोक्ताओं को पिछले एक सप्ताह से गैस नहीं मिल पा रही थी, जिससे क्षेत्र में भारी परेशानी बनी हुई थी।
प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए मौके पर उपलब्ध 417 छोटे-बड़े सिलेंडरों को अलीपुर की सफर ताज इंडेन गैस एजेंसी को ट्रांसफर करने का निर्णय लिया। इन सिलेंडरों को छह पिकअप वाहनों के जरिए मंगलवार शाम गोदाम तक पहुंचाया गया।
सफर ताज गैस एजेंसी के संचालक मोहम्मद नईम खान ने बताया कि उन्हें 417 सिलेंडर प्राप्त हुए हैं। जैसे ही उपभोक्ताओं के ओटीपी जनरेट होंगे, उन्हें एजेंसी से गैस वितरण शुरू कर दिया जाएगा।

हालांकि, तौहीद गैस एजेंसी अभी भी सील है और आगे की कार्रवाई जारी है। फिलहाल इस कदम से प्रभावित उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

और नया पुराने