आजमगढ़। बिलरियागंज थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से दो ट्रॉली बैग में रखा कुल 23.411 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने एक मोबाइल फोन और दो ट्रॉली बैग भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 को संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांजा लेकर गुलवा गौरी नहर पुलिया के पास से गुजर रहे हैं। सूचना के आधार पर बिलरियागंज पुलिस ने घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को दो ट्रॉली बैग के साथ पकड़ लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान राजाबाबू सिंह (28) निवासी बलिहार, थाना सिमरी, जनपद बक्सर, बिहार, नेहा पासवान (20) निवासी फतेहपुर, थाना दिलदारनगर, जनपद गाजीपुर और पूनम देवी (31) निवासी सोनी इंतवा, थाना राजपुर, जनपद बक्सर, बिहार के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्राधिकारी सगड़ी कौस्तुभ त्रिपाठी की मौजूदगी में नियमानुसार ट्रॉली बैगों की तलाशी ली गई। राजाबाबू के बैग से 12 बंडल तथा दोनों महिला आरोपियों के बैग से 11 बंडल मिले। जांच में बंडलों में गांजा पाया गया। दोनों बैगों से बरामद गांजे का कुल वजन 23.411 किलोग्राम निकला।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें गांजा एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए दिया गया था और इसके बदले उन्हें रुपये मिलते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजे के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
मामले में बिलरियागंज थाने में मु0अ0सं0 234/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को 17 सितंबर को करीब 4:30 बजे गिरफ्तार किया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राजाबाबू सिंह के खिलाफ पूर्व में गाजीपुर और झारखंड में दो मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एक मामला एनडीपीएस एक्ट से संबंधित बताया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरिकेश राय, महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा पाण्डेय, कांस्टेबल छट्ठू साहनी, कांस्टेबल सन्तू साहू और महिला कांस्टेबल मधुबाला यादव शामिल रहीं। इसके अलावा विशेष टीम और सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मियों ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।