आजमगढ़। अहरौला थाना पुलिस ने युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने स्थानीय थाना क्षेत्र में पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर आजमगढ़ लाया गया।
पुलिस के अनुसार, 18 मार्च 2026 को अहरौला थाना क्षेत्र की करीब 18 वर्षीय युवती के बिना बताए घर से चले जाने के संबंध में परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया था। तहरीर के आधार पर अहरौला थाने में मु0अ0सं0 70/2026, धारा 87 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी कर रहे थे।
विवेचना के दौरान युवती के मोबाइल नंबर पर घटना से पहले लगातार संपर्क में रहने वाले एक मोबाइल नंबर के धारक के संबंध में जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में पश्चिम बंगाल का रुख किया।
पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी, आरक्षी शिवम मिश्रा और महिला आरक्षी शिवानी की टीम मुर्शिदाबाद पहुंची। तलाश के दौरान 15 सितंबर को थाना शमशेरगंज क्षेत्र में आरोपी शिवा मंडल (27) पुत्र बबलू मंडल, निवासी ठाकुरपाड़ा, धुलियान, थाना शमशेरगंज, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल को रात करीब 8 बजे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद 16 सितंबर को आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और उसे ट्रांजिट रिमांड के लिए जंगीपुर स्थित न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने अभिलेखों का अवलोकन करने के बाद आरोपी का 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मंजूर किया। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर 17 सितंबर को अहरौला थाना पहुंची।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। युवती की बरामदगी और प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में विवेचना जारी है।