आजमगढ़। पवई थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदात करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर आजमगढ़ के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चार चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
आरोपियों के कब्जे से 14 सोने और 22 चांदी के आभूषण, 14 हजार रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, एक टेंपो तथा एक .315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 5.50 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को पवई थाना क्षेत्र के नाटी गांव निवासी उमाशंकर परिवार के साथ अंत्येष्टि में गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर बक्से में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और जमीन से संबंधित दस्तावेज चोरी कर लिए थे। मामले में पवई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के अनावरण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर पवई पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीमें लगाई गई थीं। पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे मुखबिर की सूचना पर टीमों ने अंबारी रोड स्थित बाघबहरा पुलिया से करीब 100 मीटर आगे घेराबंदी की। इस दौरान एक हरे रंग के टेंपो और दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. अब्दुल्ला (27) निवासी सठियांव, थाना मुबारकपुर, अम्बेश कुमार निवासी कुकुड़ीपुर सठियांव, थाना मुबारकपुर, आकाश कुमार निवासी गजाड़ा सठियांव, थाना मुबारकपुर और विकास सोनी निवासी सरायमीर के रूप में हुई।
चार चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने ऐसे मकानों की रेकी करने की बात बताई, जिनके मालिक या परिवार के सदस्य घर से बाहर गए हों। मौका देखकर ताला तोड़कर घर में प्रवेश करने और आभूषण व नकदी चोरी करने की बात पुलिस ने बताई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर चार मामलों का खुलासा हुआ है। इनमें 24 जुलाई को कोतवाली आजमगढ़ के आराजीबाग-ब्रह्मस्थान, 4 अगस्त को रौनापार के सुदनीपुर, 26 अगस्त को अहरौला के पकड़ी और 12 सितंबर को पवई के नाटी गांव में हुई चोरी की घटनाएं शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चोरी किए गए सामान को अंबेडकरनगर में बेचने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान वे कथित तौर पर रेकी के लिए क्षेत्र में घूम रहे थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी विकास सोनी के संबंध में पूछताछ में सामने आया कि वह पहले चोरी का सामान खरीदता था और बाद में अन्य आरोपियों के साथ चोरी की घटनाओं में शामिल होने लगा।
अब्दुल्ला के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मो. अब्दुल्ला के खिलाफ आजमगढ़ और मऊ के विभिन्न थानों में चोरी, बरामदगी, गैंगेस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अम्बेश कुमार के खिलाफ भी आजमगढ़ और मऊ में पूर्व के मुकदमों का आपराधिक इतिहास बताया गया है। आकाश कुमार के खिलाफ वर्तमान में सामने आए चार चोरी के मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जबकि विकास सोनी के खिलाफ पवई की घटना का मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पवई थाने में चोरी से संबंधित धाराओं के साथ मो. अब्दुल्ला के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में पवई पुलिस के साथ स्वाट टीम और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।