आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र के मंझारी बाजार में ज्वैलर्स की दुकान से सोने की चेन लेकर भागने और पीछा कर रहे दुकानदार व स्थानीय लोगों पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से दो .32 बोर पिस्टल, दो .315 बोर तमंचे, 18 जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, तीन खाली मैगजीन समेत चापड़, पेचकस, रेती और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 को दो युवक मंझारी बाजार स्थित राज ज्वैलर्स की दुकान पर सोने की चेन खरीदने पहुंचे थे। उन्होंने करीब 8 ग्राम वजन की सोने की चेन, जिसकी कीमत लगभग 1.10 लाख रुपये बताई गई, पसंद की। भुगतान के लिए दुकानदार से क्यूआर कोड मांगा गया, लेकिन उसके खाते में रकम प्राप्त नहीं हुई। इसी दौरान दोनों आरोपी चेन लेकर दुकान से भागने लगे।
दुकानदार और स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया तो पुलिस के अनुसार आरोपियों ने असलहा निकालकर पीछा कर रहे लोगों की दिशा में फायरिंग की। लोग बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों ने पीछा जारी रखा और ग्राम बैरमपुर में दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चन्द्रेश यादव, निवासी जमीनबारी, थाना निजामाबाद और प्रिंस चौहान, निवासी कोटवा, थाना रानी की सराय, आजमगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, तलाशी में दोनों के पास से दो .32 बोर पिस्टल, दो .315 बोर तमंचे, तीन खाली मैगजीन, .32 बोर के 10 और .315 बोर के आठ जिंदा कारतूस तथा .315 बोर का एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा एक चापड़, पेचकस और रेती भी मिली।
चोरी की मोटरसाइकिल से वारदात का दावा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चन्द्रेश यादव ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ 31 अगस्त 2026 को न्यायालय के पास वाहन स्टैंड से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस का कहना है कि मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट बदलकर UP50BL5646 कर दी गई थी और इसका इस्तेमाल विभिन्न स्थानों पर लूट, चोरी व झपटमारी की घटनाओं में किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को चन्द्रेश यादव और प्रिंस चौहान अवैध असलहों के साथ जा रहे थे। इसी दौरान राज ज्वैलर्स की दुकान से चेन लेकर भागने के बाद पीछा किए जाने पर दोनों ने फायरिंग की। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पुलिस ने कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की बात कही है। इनमें अनिल यादव उर्फ मेटी, राकेश यादव, अनूप यादव, धर्मेन्द्र यादव उर्फ छोटई, दीपक यादव और रजित यादव शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन लोगों के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मामले में तहबरपुर थाने पर मु0अ0सं0 142/2026 के तहत बीएनएस और आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना उपनिरीक्षक सूर्यपाल यादव कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चन्द्रेश यादव का पूर्व में निजामाबाद थाने में एक मुकदमा दर्ज है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।