आज़मगढ़। सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर पूर्व विधायक श्रीमती वंदना सिंह ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उनके साथ संतोष सिंह ‘टीपू’ भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक ने सगड़ी क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और सड़क निर्माण सहित कई विकास कार्यों के लिए पत्रक सौंपा।
पूर्व विधायक वंदना सिंह ने मुख्यमंत्री को दिए गए पत्र में सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में कई संपर्क मार्गों के निर्माण और पुनर्निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कई मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में अमुवारी–नारायणपुर संपर्क मार्ग के अवशेष भाग का निर्माण, चंगईपुर संपर्क मार्ग का पुनर्निर्माण, अमुवारी नारायणपुर संपर्क मार्ग से टेकनगढ़ होते हुए रामपुर संपर्क मार्ग तक सड़क निर्माण, लाटघाट से खाड़ बस्ती तक संपर्क मार्ग का निर्माण, लाटघाट से मोचीपुर होते हुए रोहुवार तक संपर्क मार्ग तथा हरखोरी पीच मार्ग से तिवारी बस्ती तक सड़क निर्माण की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।
पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि इन मार्गों के निर्माण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। पूर्व विधायक ने कहा कि सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं और जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।