Breaking News

सगड़ी को बड़ी सौगात: लाटघाट–बलपुर मार्ग के चौड़ीकरण व नवीनीकरण को मिली मंजूरी


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

विधायक के प्रयासों से सड़क परियोजना को वित्तीय स्वीकृति, जनता को जल्द राहत की उम्मीद

कवरेज डेस्क- आजमगढ़ के सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर पड़े अमिला–लाटघाट–रौनापार मार्ग को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। विधायक सगड़ी डॉ एच एन सिंह पटेल द्वारा लगातार उठाए गए जनहित के मुद्दे और प्रमुख सचिव (लोक निर्माण विभाग) को भेजे गए पत्र का संज्ञान लेते हुए शासन ने अब इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को मंजूरी दे दी है।

विधायक ने जानकारी देते हुए बताया कि लाटघाट से बलपुर तक सड़क के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण के लिए वित्तीय स्वीकृति के साथ धन आवंटन भी जारी कर दिया गया है। उनके अनुसार यह सिर्फ एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, संघर्ष और आवाज़ की जीत है।

विधायक ने कहा कि सगड़ी क्षेत्र में ग्रामीण सड़कों का विकास उनकी शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर सड़कों से आवागमन सुगम होगा और इसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।


इसी सड़क को लेकर भाजपा नेता मनीष मिश्रा द्वारा भी अपने स्तर से किए गए प्रयासों और पत्राचार की जानकारी साझा की गई है। उन्होंने भी इस परियोजना को अपनी पहल का परिणाम बताया है। हालांकि, श्रेय को लेकर दावों के बीच एक बात स्पष्ट है कि इस सड़क के निर्माण से सगड़ी क्षेत्र की बड़ी आबादी को आवागमन में राहत मिलने वाली है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग वर्षों से बदहाल था, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही, व्यापार और शिक्षा पर असर पड़ रहा था। अब निर्माण कार्य शुरू होने की खबर से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

राजनीतिक दावों से अलग, इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ आम जनता को मिलेगा। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद सगड़ी क्षेत्र में कनेक्टिविटी और विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

और नया पुराने