Breaking News

आजमगढ़ में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, ‘मुन्ना राय’ के एक साल पर भव्य सम्मान समारोह


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आज़मगढ़:ज़िला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर नेहरू हॉल सभागार में भव्य ‘आभार एवं अभिनंदन समारोह’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए, जिससे माहौल पूरी तरह राजनीतिक उत्साह से भरा रहा।

समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वांचल प्रभारी सत्यनारायण पटेल रहे। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह और राघवेंद्र प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रदेश महासचिव अवधेश सिंह और रामजी गिरी सहित कई वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम की खास बात सठियाँव से नेहरू हॉल तक निकला विशाल जुलूस रहा। सैकड़ों चार पहिया वाहनों और हजारों बाइक सवार कार्यकर्ताओं का काफिला शहर से गुजरा। पूरे रास्ते समर्थकों का जोश साफ दिखा, जिसने इसे एक तरह के शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया।

अपने एक साल के कार्यकाल में ‘मुन्ना राय’ के नेतृत्व में संगठन को गांव स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया। 22 ब्लॉक कमेटियों का पुनर्गठन किया गया, 154 मंडल इकाइयां बनाई गईं और करीब 3300 बूथ कमेटियां खड़ी की गईं। इससे संगठन की पहुंच जमीनी स्तर तक बढ़ी।

जन मुद्दों पर भी कांग्रेस सक्रिय रही। स्कूलों के विलय के विरोध, किसानों को खाद दिलाने, मनरेगा में बदलाव के खिलाफ प्रदर्शन, कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान का विरोध और शंकराचार्य के समर्थन में आंदोलन जैसे मुद्दों पर पार्टी ने धरना, प्रदर्शन और गिरफ्तारी तक दी। इसके साथ ही जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक और कानूनी मदद भी दी गई।

अपने संबोधन में ‘मुन्ना राय’ ने कहा कि यह एक साल कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के भरोसे का परिणाम है। उन्होंने साफ कहा कि पार्टी आगे भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।

मुख्य अतिथि सत्यनारायण पटेल ने आजमगढ़ में संगठन की सक्रियता को मजबूत नेतृत्व का परिणाम बताया। वहीं विश्वविजय सिंह और राघवेंद्र प्रताप सिंह ने भी संगठन के विस्तार और जमीनी काम की सराहना की।

कार्यक्रम में रियाजुल हसन, राजाराम यादव, राहुल राय, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, चंद्रपाल सिंह यादव, तेज बहादुर यादव, बेलाल बेग, अजीत राय, शीला भारती, सीमा भारती, हरिओम उपाध्याय, नरेंद्र सिंह, सुनील सिंह, रविकांत त्रिपाठी, दिनेश यादव, बालचंद राम, प्रेमा चौहान, नवनीत राय, नजम शमीम, प्रदीप यादव, गोपाल कृष्ण राय, मन्तराज यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

और नया पुराने