आजमगढ़। हरैया विकासखंड के अंतर्गत इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय पोखरा के छात्रों ने राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए खो-खो बालक वर्ग में उपविजेता का स्थान हासिल किया। टीम की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल रहा।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता के बाद जब टीम अपने क्षेत्र में लौटी तो रोहुआर में स्थानीय लोगों ने डीजे और बाजे के साथ फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों और ग्रामीणों ने भी खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
बताया गया कि अयोध्या स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्राथमिक इंग्लिश मीडियम विद्यालय पोखरा, हरैया (आजमगढ़) की टीम ने खो-खो बालक वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 22 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
टीम की इस सफलता के पीछे विद्यालय के प्रधानाध्यापक योगेंद्र कुमार पटेल का अनुशासित प्रशिक्षण और निरंतर प्रयास अहम रहा। उनके मार्गदर्शन में बच्चों ने लगातार मेहनत कर यह उपलब्धि हासिल की। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्षों में भी इस विद्यालय की खो-खो टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करती रही है। इस वर्ष बालक और बालिका दोनों वर्ग की टीमों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता अयोध्या में भाग लिया, जिसमें बालक वर्ग की टीम उपविजेता बनी।
इस उपलब्धि में शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रीय लोगों का भी भरपूर सहयोग रहा।
इस अवसर पर डॉ. रामविलास सिंह पटेल, रामकिसुन सिंह, लालसा सिंह, सरोज कुमार, योगेंद्र पटेल, संजीव कुमार पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।