Breaking News

20 साल पूरे: सांस्कृतिक रंगों में सजा PNS स्कूल का शानदार उत्सव।


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

सगड़ी (आजमगढ़): तहसील क्षेत्र के छपरा सुल्तानपुर स्थित पी.एन.एस. मेमोरियल स्कूल का वार्षिकोत्सव बड़े ही गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। विद्यालय की स्थापना के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘प्रविज्ञा कौशलम्’ कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विज्ञान प्रदर्शनी और मेधावी सम्मान का प्रभावशाली संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई, जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने ‘भारत दर्शनम्’, ‘शौर्य प्रवाह’ और ‘अर्धनारीश्वर’ जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की कला और आत्मविश्वास ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।

इस अवसर पर आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। मुख्य अतिथि अपर जिला जज प्रथम अंबेडकर नगर रामविलास सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों के प्रोजेक्ट्स की सराहना की और उनके प्रयासों को भविष्य की मजबूत नींव बताया।
अपने संबोधन में रामविलास सिंह ने कहा कि विद्यालय राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि शिवदास सिंह (संयुक्त केंद्रीय मंत्री, विश्व हिंदू परिषद) ने शिक्षा के मूल स्वरूप को मजबूत करने पर जोर दिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।
पूर्व सांसद डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की भूमिका निर्णायक होती है। भाजपा नेता प्रवीण सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अरविंद जायसवाल समेत अन्य वक्ताओं ने विद्यालय की निरंतर प्रगति की सराहना की।
विद्यालय के प्रबंधक रामनारायण सिंह ने संस्था की 20 वर्षों की उपलब्धियों और विकास यात्रा को विस्तार से प्रस्तुत किया। प्रबंध निदेशक ऋषि नारायण सिंह और प्रधानाचार्य प्रमोद यादव ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले वान्या सिंह, भूमि सिंह, हार्दिक शुक्ला, संजना प्रजापति, आकर्षित, राजवीर सिंह, आदर्श, आर्यन मौर्य और देवांश को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। देर शाम तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में अभिभावक और क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अजमतगढ़ अजय साहनी, रामसागर सोनी, राजेंद्र यादव (प्रबंधक सर्वोदय पब्लिक स्कूल), रमाकांत वर्मा, रमाकांत यादव, सिद्धिनाथ शाही, अवलेंद्र सिंह, रामसेवक सिंह, विवेक सिंह सोनू, भानु प्रताप सिंह, हौलदार सिंह, दिवाकर सिंह, तेज प्रताप पांडे, टप्पू सिंह, सदावृक्ष पांडे सहित विद्यालय परिवार और क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

और नया पुराने