आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र के खानजहाँपुर गांव में खेत में खतरनाक तरीके से लगाए गए नंगे विद्युत तार की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोरी की मौत के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से दोनों की तलाश की जा रही थी। रविवार को दोनों को खानजहाँपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, खानजहाँपुर निवासी वादी ने 12 सितंबर को थाने में तहरीर दी थी। तहरीर के अनुसार उनकी 17 वर्षीय बेटी गांव के ही सूरज से बातचीत करती थी। इसकी जानकारी होने के बाद करीब एक माह पहले परिजनों ने किशोरी को उसके ननिहाल सदपुर बरौली भेज दिया था।
आरोप है कि 10 सितंबर को सूरज ने किशोरी को मिलने के लिए अपने घर के पीछे स्थित खेत में बुलाया था। इसी खेत में फसल बोने वाले शंकर ने कथित तौर पर नंगे विद्युत तारों की बाड़ लगाकर उसमें करंट प्रवाहित कर रखा था। पुलिस के अनुसार, इसी तार की चपेट में आने से किशोरी की मौत हो गई।
मामले में फूलपुर थाने में मु0अ0सं0 279/2026, धारा 3(5), 115(2) और 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शिवशरण सिंह कर रहे हैं।
खानजहाँपुर चौराहे से गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 13 सितंबर को उपनिरीक्षक शिवशरण सिंह पुलिस टीम के साथ खानजहाँपुर चौराहे पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर सूरज पुत्र वरिष्ठ और शंकर पुत्र हरखू, दोनों निवासी खानजहाँपुर, को सुबह करीब 7:10 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवशरण सिंह, हेड कांस्टेबल बृजेश यादव, कांस्टेबल अरविन्द कुमार यादव और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।