आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र में मकान और किराना दुकान में कथित रूप से जबरन घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और चोरी के मामले में पुलिस ने छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित महिलाओं की निशानदेही पर मकान और किराना दुकान से चोरी किए गए 75 सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर को जफरचक, थाना सरायमीर निवासी महिला ने फूलपुर थाने में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि विपक्षी महिलाएं एकराय होकर लाठी-डंडे, रॉड, हथौड़ा और ड्रिल मशीन आदि लेकर उनकी बहन के मकान और किराना दुकान में जबरन घुस गईं। आरोप है कि इस दौरान मारपीट और तोड़फोड़ की गई तथा घर में मौजूद महिला को एक कमरे में बंधक बना दिया गया। इसके बाद मकान और दुकान से सामान चोरी किए जाने का भी आरोप लगाया गया।
तहरीर के आधार पर फूलपुर थाने में मु0अ0सं0 280/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की।
दो स्थानों से हुई गिरफ्तारियां
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को कार्रवाई करते हुए सुषमा प्रजापति और अंजनी मालिन को ब्लॉक फूलपुर से गिरफ्तार किया गया। वहीं सुनीता, शान्ति देनी, इन्द्रावती और माधुरी मौर्या को जगदीशपुर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार महिलाओं की निशानदेही पर चोरी किए गए किराना दुकान और मकान के कुल 75 सामान बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला सुषमा प्रजापति के खिलाफ फूलपुर थाने में इस मामले के अलावा एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। अन्य गिरफ्तार महिलाओं के संबंध में पुलिस ने कोई अन्य आपराधिक इतिहास उपलब्ध नहीं बताया है।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार त्रिपाठी, कमालुद्दीन, महिला उपनिरीक्षक रानी साहू, हेड कांस्टेबल राजीव यादव सहित पुलिसकर्मी और महिला कांस्टेबल शामिल रहीं।