Breaking News

विवाहिता की मौत के मामले में पति और भसुर गिरफ्तार, दहेज प्रताड़ना का आरोप


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति और भसुर को गिरफ्तार किया है। मृतका के पिता की तहरीर पर दोनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और दहेज अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी अपने घर पर मौजूद मिले, जहां से उन्हें गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, गाजीपुर जनपद के खानपुर थाना क्षेत्र के मौधा गांव निवासी श्यामजीत राजभर ने 12 सितंबर को मेहनाजपुर थाने में तहरीर दी थी। तहरीर के अनुसार उनकी बेटी बबीता राजभर का विवाह वर्ष 2026 में चिल्लूपुर गांव निवासी राजन राजभर के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था।

आरोप है कि विवाह के बाद से ही बबीता को उसके पति राजन राजभर और भसुर आनन्द राजभर द्वारा दान-दहेज और रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। मृतका के पिता के अनुसार, बबीता ने कई बार इसकी जानकारी उन्हें दी थी।

तहरीर के मुताबिक, 12 सितंबर की तड़के करीब तीन बजे बबीता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

मृतका के पिता की तहरीर पर मेहनाजपुर थाने में मु0अ0सं0 81/2026 के तहत धारा 80(2), 85 बीएनएस तथा धारा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी लालगंज द्वारा की जा रही है।

घर पर दबिश देकर दोनों गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 13 सितंबर को उपनिरीक्षक दीपक कुमार पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश में उनके घर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, मौके पर राजन राजभर (27) और आनन्द राजभर (29) दोनों मौजूद मिले। पुलिस ने दोनों को दोपहर करीब 2:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में सामने आए आरोपों की विवेचना जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल संजय यादव तथा रिजर्व कांस्टेबल अजय चौहान, शैलेन्द्र सिंह और विशाल शर्मा शामिल रहे।

और नया पुराने