Breaking News

पुरानी रंजिश में हमले का आरोपी गिरफ्तार, मंदिर में चेन चोरी के आरोप में महिला पकड़ी गई


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। जनपद में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बरदह और बिलरियागंज थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरदह में जानलेवा हमले के मामले में एक युवक को पकड़ा है, जबकि बिलरियागंज में तीज पर्व के दौरान मंदिर में महिला के गले से सोने की चेन तोड़कर ले जाने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।

बरदह थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हमला

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को एक युवक मोटरसाइकिल से राजागंज बाजार जा रहा था। राजागंज बाजार से चौकी गांव के बीच चौराहे के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। इसी दौरान कुम्भ गांव निवासी करन उर्फ भोला गौतम (20) ने लोहे की पाइप से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मामले में बरदह थाने में मुकदमा संख्या 302/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 109(1), 352, 351(3) और 115(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मंगलवार को करन उर्फ भोला गौतम को जिवली तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया है।

तीज पर मंदिर में चेन चोरी का आरोप

दूसरी कार्रवाई बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बड़िहारी शिव मंदिर में हुई। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को तीज पर्व के अवसर पर मंदिर में पूजा के दौरान एक महिला ने वहां मौजूद दूसरी महिला के गले से सोने की चेन कथित रूप से तोड़ ली। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की मदद से महिला को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सोने की चेन बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।

पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान रीमा कुमारी पत्नी बीनो, निवासी बसखरी, जनपद अंबेडकर नगर के रूप में की है। उसे 14 सितंबर की रात करीब 10:26 बजे बड़िहारी मंदिर से गिरफ्तार किया गया। मामले में बिलरियागंज थाने में मुकदमा संख्या 233/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 304 और 317(2) में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

और नया पुराने