सगड़ी, आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के खरैलिया से सोनौरा जाने वाले मार्ग पर पुल निर्माण की मांग को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए ‘पुल नहीं तो वोट नहीं’ का नारा बुलंद किया और जनप्रतिनिधियों से जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की।
ग्रामीणों के मुताबिक, खरैलिया-सोनौरा मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। पुल का निर्माण नहीं होने के कारण लोगों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि पुल निर्माण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों की ओर से कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन अब तक धरातल पर पुल निर्माण की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने ‘पुल नहीं तो वोट नहीं’ का नारा देते हुए अपनी मांग को लेकर स्पष्ट रुख अपनाया है।
प्रदर्शन के दौरान भुवर अखाड़ा जीयनपुर बाढ़ संगठन से जुड़े लोग भी ग्रामीणों के समर्थन में मौजूद रहे। ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और स्थानीय स्तर पर संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी।
प्रदर्शन में धनंजय, जितेंद्र, राजू मिश्रा, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमरचंद, दीपक पटेल, दयाराम पटेल, सुनील, प्रमोद, शैलेंद्र यादव, संत कुमार पटेल, धर्मेंद्र यादव, उमेश, राहुल, रवि समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।