Breaking News

नेपाल बाढ़ हादसे में लापता बताए गए आजमगढ़ के उमाकान्त गुजरात में मिले, प्रशासन ने की पुष्टि


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। नेपाल में बाढ़ हादसे के दौरान लापता बताए गए आजमगढ़ निवासी उमाकान्त उर्फ शशिकान्त की वर्तमान स्थिति स्पष्ट हो गई है। प्रशासन और पुलिस के सत्यापन में उनके गुजरात में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद संबंधित अभिलेखों को अपडेट करते हुए सत्यापित सूचना शासन को भेज दी गई है।

बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम छितौना, परगना कौड़िया निवासी उमाकान्त उर्फ शशिकान्त (41) पुत्र दशरथ के नेपाल में आई बाढ़ के दौरान लापता होने की सूचना मिली थी। शासन के निर्देश पर प्रशासन और पुलिस ने मामले की वास्तविक स्थिति का सत्यापन शुरू किया।

सत्यापन के दौरान अधिकारियों ने उमाकान्त के परिजनों से संपर्क किया। बातचीत में उनके भाई ने बताया कि उमाकान्त वर्तमान में गुजरात में ट्रक चालक के रूप में कार्य कर रहे हैं। परिजनों से मिली जानकारी का संबंधित स्तर पर सत्यापन कराया गया।

प्रशासन के अनुसार, सत्यापन के बाद यह स्पष्ट हुआ कि नेपाल बाढ़ हादसे के दौरान लापता बताए गए उमाकान्त वर्तमान में गुजरात में मौजूद हैं। उनके संबंध में प्राप्त अद्यतन जानकारी को निर्धारित प्रारूप में संकलित किया गया।

इसके बाद जिलाधिकारी आजमगढ़ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा संयुक्त रूप से हस्ताक्षरित सत्यापित सूचना राहत आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

प्रशासन और पुलिस की ओर से मामले से संबंधित अभिलेखों को अद्यतन करने तथा प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

और नया पुराने