Breaking News

मिशन शक्ति अभियान: आजमगढ़ के 26 थानों में 94 जागरूकता कार्यक्रम, 2,550 लोग हुए जागरूक


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

एंटी रोमियो स्क्वाड ने 1,106 व्यक्तियों की जांच की, दो गिरफ्तार; 455 लोगों को चेतावनी

आजमगढ़। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर आजमगढ़ पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया। 15 अक्टूबर 2026 को जनपद के सभी 26 थाना क्षेत्रों में 94 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 2,010 महिलाएं एवं बालिकाएं और 540 पुरुषों सहित कुल 2,550 लोगों ने प्रतिभाग किया। वहीं, एंटी रोमियो स्क्वाड ने 57 स्थानों पर चेकिंग कर 1,106 व्यक्तियों की जांच की। इस दौरान दो व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया, जबकि 455 लोगों को चेतावनी दी गई।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र के निर्देशन में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में विभिन्न थाना क्षेत्रों की महिला बीट पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान में भाग लिया।

अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान प्रदेश एवं केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 102 और 108 के बारे में बताया गया। कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न रोकने से संबंधित अधिनियम, 2013 की जानकारी भी दी गई।

स्टंटबाजी करने वाले 47 वाहनों का चालान

पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी करने वाले 47 वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा एंटी रोमियो स्क्वाड ने जिले में 57 स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 1,106 व्यक्तियों की जांच की गई। कार्रवाई के क्रम में दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की गई, जबकि 455 व्यक्तियों को चेतावनी दी गई।

504 निजी टैक्सी और वाहनों का सत्यापन

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने 504 निजी टैक्सी और अन्य वाहनों की जांच कर उनका सत्यापन भी किया। जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को 1,912 मुद्रित प्रचार सामग्री वितरित की गई, जबकि 12 प्रचार सामग्री की सॉफ्ट कॉपी ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराई गई।

आजमगढ़ पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है।


और नया पुराने