Breaking News

आजमगढ़ में मिशन शक्ति अभियान के तहत 190 जागरूकता कार्यक्रम, 6,327 लोगों ने लिया हिस्सा


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

26 थानों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा व सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी, एंटी रोमियो स्क्वाड ने 2,237 लोगों की जांच की

आजमगढ़। शारदीय नवरात्रि एवं मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस की ओर से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद के 26 थानों में कुल 190 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस के अनुसार, इन कार्यक्रमों में 4,429 महिलाएं एवं बालिकाएं और 1,898 पुरुष शामिल हुए।

अभियान का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी पंकज श्रीवास्तव तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में किया जा रहा है। इसके तहत महिला बीट पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर लोगों को जागरूक किया।

हेल्पलाइन नंबरों और कानूनों की दी जानकारी

जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों 1090, 1098, 1076, 181, 112, 102 और 108 की जानकारी दी गई। इसके साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध एवं निवारण अधिनियम, 2013 (POSH Act) के प्रावधानों तथा उपलब्ध सहायता व्यवस्थाओं के बारे में बताया गया।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 112 ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान 3,392 मुद्रित प्रचार सामग्री और 42 ऑनलाइन सॉफ्ट कॉपी भी वितरित की गईं।

यातायात पुलिस ने 99 वाहनों का किया चालान

अभियान के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक स्थलों पर स्टंटबाजी करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने कुल 99 वाहनों का चालान किया, जबकि दो वाहनों से ब्लैक फिल्म उतरवाई गई।

एंटी रोमियो स्क्वाड ने 2,237 लोगों की जांच की

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के मद्देनजर एंटी रोमियो स्क्वाड ने 137 स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 2,237 व्यक्तियों की जांच की गई। पुलिस के अनुसार, दो अभियोग पंजीकृत कर संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 187 लोगों को चेतावनी दी गई। इसके अतिरिक्त 662 निजी टैक्सी एवं अन्य वाहनों की जांच कर उनका सत्यापन किया गया।

आजमगढ़ पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस कार्रवाई भी की जा रही है।


और नया पुराने