तरवां पुलिस ने चोरी के मामले में पांच आरोपियों को पकड़ा, कप्तानगंज पुलिस ने सरकारी योजना के नाम पर ठगी की आरोपी महिला को किया गिरफ्तार
आजमगढ़। जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तरवां और कप्तानगंज थाना पुलिस ने चोरी एवं ठगी के अलग-अलग मामलों में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तरवां पुलिस ने चोरी के मामले में पांच आरोपियों के कब्जे से मोटर पंप और मोटरसाइकिल के विभिन्न पुर्जे बरामद किए, जबकि कप्तानगंज पुलिस ने सरकारी योजना के तहत 10 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया। इसके अलावा ऑपरेशन शुरूर के तहत सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के आरोप में पांच व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
ट्यूबवेल से मोटर पंप और खेत से बाइक के पुर्जे चोरी करने के आरोप में पांच गिरफ्तार
तरवां थाना क्षेत्र में ट्यूबवेल से मोटर पंप और पास के खेत से मोटरसाइकिल के पुर्जे चोरी होने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में दर्ज मुकदमा संख्या 206/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305, 331(4) और 317(4) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु यादव, विशाल यादव, गौतम कुमार, आकाश कुमार और अंकित कुमार के रूप में हुई है। इनके कब्जे से मोटरसाइकिल की सीट, पिछले पहिये के शॉकर, सस्पेंशन, चेन सेट, हीरो इंजन, सुपर स्प्लेंडर की टंकी, टायर, पिछला मडगार्ड, डिग्गी, हेडलाइट, हैंडल, दो स्टेबलाइजर और एक मोटर पंप बरामद किया गया।
सरकारी योजना के नाम पर 10 लाख रुपये दिलाने का झांसा, महिला गिरफ्तार
कप्तानगंज थाना पुलिस ने ठगी के मामले में नीरज उर्फ गुड्डी पत्नी रंगीले राम, निवासी कोटा खुर्द, थाना देवगांव, आजमगढ़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, एक बुजुर्ग महिला को सरकारी योजना के तहत 10 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के आरोप में मुकदमा संख्या 310/2026 दर्ज किया गया था।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 351(3) और 317(2) के तहत अभियोग पंजीकृत है। पुलिस ने अभियुक्ता को 11 अक्टूबर 2026 की रात 9:35 बजे छत्ता के पूरा ओवरब्रिज के पास आजमगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला के कब्जे से पीली धातु का पान के आकार का लॉकेट, चांदी की एक बड़ी जोड़ी पायल, एक छोटी पायल, 700 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
ऑपरेशन शुरूर के तहत पांच लोगों पर कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन शुरूर के तहत तरवां पुलिस ने 11 अक्टूबर को बोंगरिया बाजार के पास कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पाए गए उपेन्द्र पासवान, रामानन्द, सूरज कुमार, राहुल कुमार और अमित कुमार के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, जनपद में अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर अव्यवस्था फैलाने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है।