निजामाबाद पुलिस की कार्रवाई, वाहन में मिले खून के निशान; आरोपी को न्यायालय भेजा गया
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित पशु के वध और मांस बेचने के मामले में पुलिस ने विवेचना के दौरान प्रकाश में आए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया है। वाहन की जांच में दुर्गंध आने के साथ ही कई स्थानों पर खून के निशान मिले। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महफूज आजमी (28) पुत्र सब्बीर, निवासी फरिहा, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम फरिहा निवासी जाहिद पुत्र मैनुद्दीन के मकान में प्रतिबंधित पशु का वध कर मांस बेचा जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। तलाशी के दौरान तीन प्लास्टिक की बोरियों में रखा मांस, एक लोहे का चापड़, लकड़ी का ठीहा और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। मौके पर फील्ड यूनिट और पशु चिकित्साधिकारी को बुलाकर आवश्यक जांच कराई गई। मांस का नमूना लेने के बाद शेष मांस का नियमानुसार निस्तारण कराया गया।
इस मामले में 10 अक्टूबर को थाना निजामाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 259/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/8 और आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान 12 अक्टूबर को निरीक्षक जयप्रकाश यादव को सूचना मिली कि घटना से संबंधित स्कॉर्पियो ग्राम असगड़ा मुस्तफाबाद चौक पर खड़ी है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन चालक महफूज आजमी को दोपहर करीब 12:30 बजे स्कॉर्पियो सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 9 अक्टूबर को उसने जाहिद के साथ मिलकर प्रतिबंधित पशु का वध करने के बाद उसके अवशेष बोरियों में भरकर स्कॉर्पियो से ले जाकर कूड़ाघर में फेंके थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक जयप्रकाश यादव, मुख्य आरक्षी धर्मेंद्र कुमार यादव और आरक्षी मनीष कुमार कुशवाहा शामिल रहे।