हर बूथ से किसानों को रैली में पहुंचाने की हो रही है कसरत।
सगड़ी।
सगड़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 14 जुलाई को आयोजित रैली अत्यंत पिछड़े आजमगढ़ जनपद के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे सहित कई अन्य योजनाओं का प्रधानमंत्री द्वारा होने वाला शिलान्यास जनपद के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। मोदी की रैली को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर से किसानों को भारी संख्या में शामिल करने के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त कसरत शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री की रैली को सफल बनाने में लगे विधानसभा सगड़ी के प्रभारी देवेंद्र सिंह व अरविंद जायसवाल ने सैकड़ों गांवों मे जनसंपर्क के बाद बताया कि आम लोगों में रैली के प्रति अत्यंत उत्साह दिखाई पड़ रहा है। जिसके बलबूते पर यह कहना कतई अनुचित नहीं होगा कि यह रैली ऐतिहासिक होने जा रही है। प्रधानमंत्री द्वारा बिना किसी राजनीतिक लाभ हानि की चिंता के गरीबों को निशुल्क आवास, शौचालय, उज्जवला योजना का गैस एवं फ्री बिजली कनेक्शन सहित जिन तमाम योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।उससे एक बार फिर गरीबों में मोदी के प्रति लगाव बढा है।भाजपा नेता ने कहा कि फसलों के समर्थन मूल्य को डेढ़ गुना कर दिया है प्रधानमंत्री ने किसानों का दिल जीत लिया है।
रैली को सफल बनाने के लिए की जा रही तैयारियों के बाबत उन्होंने बताया कि प्रत्येक बूथ से हर वर्ग के लोगों को रैली में पहुंचाने की जिम्मेदारी बूथ प्रमुख और मंडल अध्यक्षों को सौंपी गई है। भाजपा नेता ने छपरा, सुल्तानपुर, हरसिंगपुर,सुखमदत्तनगर ,अजमतगढ़ ,नरायना, मेघई, कटाई, महावतगढ़,
बड़ागांव, हरैया, रामगढ़, पकवाइनार, बांसगांव सहित सैकड़ों गांव में जनसंपर्क कर लोगों से रैली को सफल बनाने की अपील की। उनके साथ भाजपा नेता जयप्रकाश सिंह, तारकेश्वर ओझा,अरविंद जायसवाल ,धर्मेंद्र सिंह, तारा चन्द्र जायसवाल उर्फ लालू ,हिमांशु जायसवाल, सोनू सिंह, सन्तोष जायसवाल,डब्लू गुप्ता,राधेश्याम कनौजिया आदि लोग रहे।
रिपोर्ट: मनोज चतुर्वेदी