Breaking News

कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर किसी भी दशा में कोई कुर्बानी नहीं करेगा।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़ 31 जुलाई-- जिलाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि चन्द्रदर्शन के अनुसार ईद-उल-जुहा (बकरीद) का त्यौहार दिनांक 01 अगस्त 2020 को मनाया जायेगा। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा तीन दिवसों तक कुर्बानी की जाती है। कुर्बानी के पश्चात् उत्पन्न होने वाले मलवों को सम्यक रूप से निस्तारित किया जाना आवश्यक है, जिससे संक्रमण से बचा जा सके। उन्होने कहा कि सभी प्रकार के धर्मस्थल यथा मन्दिर, मस्जिद, गुरूद्वारा, चर्च आदि राज्य सरकार द्वारा जारी मानक संचालन प्रकिया एसओपी के अनुपालन को सुनिश्चित करते हुए खोले जा सकेंगे। नोवल कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के दृष्टिगत कुर्बानी अपने-अपने घरों में ही की जायेगी। बकरीद के त्यौहार के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई का कार्य जिला पंचायत राज अधिकारी एवं नगरीय क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों द्वारा सुनिश्चित किया जायेगा। 
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं समस्त अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिये कि उक्त त्यौहार के दृष्टिगत अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत समुचित सफाई व्यवस्था फागिंग, कीटनाशक दवायें, एन्टी लार्वा, मैलाथियान, चूना आदि का छिड़काव कराते हुए निरंतर क्लोरीनयुक्त शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराया जाना सुनिश्चित करेंगे। उन्होने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों एवं नगरीय क्षेत्रों में बकरीद के त्यौहार के अवसर पर नोवल कोरोना वायरस/एसओपी के निर्देशों के दृष्टिगत मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा इस वर्ष कुर्बानी का कार्य अपने-अपने घरों में किया जायेगा। कुर्बानी के पश्चात मलवों को निस्तारित किये जाने हेतु सफाई कर्मियों की कोविड-19 के प्रोटोकाल के अन्तर्गत मास्क, कैप, ग्लब्स एवं जूता के साथ तैनाती करते हुए कुर्बानी के पश्चात घरों-घरों से अवशेष मलवों को इकट्ठा कराकर आवादी से दूर गड्ढा खुदवाकर चूना, नमक आदि पदार्थो के साथ निस्तारित कराया जाना सुनिश्चित किया जायेगा।
इसी के साथ ही उन्होने निर्देश दिये कि जिला पंचायत राज अधिकारी/समस्त अधिशासी अधिकारीगण मुस्लिम समुदाय के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बड़े-बड़े डस्टबीन/कन्टेनर रखवाकर सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगवाते हुए कुर्बानी के पश्चात अवशेष मलवों को इकट्ठा कराकर निस्तारित कराया जाना सुनिश्चित करेंगे। इसी के साथ ही नगरीय क्षेत्रो में कोविड-19 के अन्तर्गत बनाये गये कन्टेनमेन्ट जोन में अलग से सफाई कर्मचारियों की तैनाती करते हुए उन्हें मास्क, कैप, ग्लब्स एवं जूता के साथ घरों-घरों से कुर्बानी के पश्चात अवशेष मलवों को इकट्ठा कराते हुए निस्तारित किया जाना सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त नियमित रूप से सेनेटाइजेशन एवं सफाई का कार्य सुनिश्चित किया जायेगा। 
जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायतों को निर्देश दिये कि अपनी-अपनी निकायों में स्थापित ओवरहेड टैंकों की सफाई कराकर क्लोरीनयुक्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। ओवरहेड टैंकों के सफाई किस तिथि में करायी गयी है, का प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त बकरीद के त्यौहार के उपरान्त कुर्बानी के पश्चात उत्पन्न होने मलवों को निस्तारित किये जाने हेतु गड्ढों की खुदाई, निस्तारित किये जाने हेतु चूना नमक आदि की उपलब्धता के सम्बन्ध में प्रमाण पत्र आज ही उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। 
जिलाधिकारी ने बताया कि दिनांक 03 अगस्त 2020 को रक्षाबन्धन का पर्व भी मनाया जायेगा। इस अवसर पर धार्मिक स्थलों, मन्दिरों की भी सफाई करायी जानी है। उन्होने निर्देश दिये कि जिला पंचायत राज अधिकारी एवं समस्त अधिशासी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत स्थित धार्मिक स्थलों/मन्दिरों पर समुचित सफाई व्यवस्था कराया जाना सुनिश्चित करेंगे। त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु यथास्थानों पर अपने कर्मचारियों की तैनाती करते हुए यह सुनिश्चित करायेंगे कि किसी भी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न होने पाये। यदि किन्ही कारणों से विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है, तो तत्काल सम्बन्धित कर्मचारी थानाध्यक्ष, उप जिलाधिकारी/उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाना सुनिश्चित करेगा, जिससे सम्यक रूप से समस्या का निस्तारण किया जा सके।
उन्होने कहा कि समस्त उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी कोविड-19 संक्रमण के बचाव के उपायों के क्रियान्वयन एवं प्रदत्त शासकीय निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाना सुनिश्चित करायेंगे। उन्होने कहा कि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर किसी भी दशा में कोई कुर्बानी नहीं करेगा कोविड-19 कोरोना वायरस के निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन कराते हुए त्यौहार सम्पन्न कराया जायेगा। इसके अतिरिक्त यह भी सुनिश्चित किया जाय कि किसी भी क्षेत्र में किसी प्रतिबन्धित पशु की कुर्बानी न होने पाये, जिससे शान्ति व्यवस्था बनी रहे। इसी के साथ ही उन्होने कहा है कि सभी सम्बन्धित अधिकारी उक्त निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाना सुनिश्चित करेंगे।

और नया पुराने