आज़मगढ़।
रिपोर्ट- वीर सिंह
आजमगढ़ 25 सितम्बर 2020-- जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) ने अवगत कराया है कि पंचायत निर्वाचक नामावली वृहद् पुनरीक्षण-2020 हेतु कार्यक्रम जारी किया गया है, जिसमें दिनांक 01 अक्टूबर 2020 से 12 नवम्बर 2020 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना एवं सर्वेक्षण का कार्य किया जाना है।
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पं0) को निर्देशित किया है कि घर-घर जाकर बीएलओ के लिए विहित कार्य करने हेतु निर्धारित कार्यक्रम के पूर्व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, खण्ड विकास अधिकारियों तथा अन्य सम्बन्धित अधिकारियों को जिला मुख्यालय पर जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा प्रभारी अधिकारी, जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण दिया जायेगा। पर्यवेक्षकों और बीएलओ को 02 दिनों में प्रशिक्षण विकास खण्ड स्तर पर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी द्वारा दिया जायेगा।
उक्त के क्रम में निर्वाचक नामावली वृहद् पुनरीक्षण-2020 के सम्बन्ध में दिनांक 27 सितम्बर 2020 को मध्यान्ह 12ः00 बजे से अपरान्ह 3ः00 बजे तक नेहरू हाल जिला पंचायत, आजमगढ़ में कार्यशाला का आयोजन किया गया है। कार्यशाला में समस्त उप जिलाधिकारी/सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पं0), समस्त तहसीलदार, समस्त तहसीलदार न्यायिक, तहसीलों में नियुक्त नायब तहसीलदार, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, विकास खण्ड में तैनात समस्त सहायक विकास अधिकारी, समस्त आरके निर्वाचन, पंचायत निर्वाचन का कार्य देख रहे समस्त वीआरसी एवं आप द्वारा नामित अन्य खण्ड स्तरीय अधिकारी प्रतिभाग करेंगे।
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पं0) को निर्देशित किया है कि पंचायत निर्वाचन नामावली-2020 के सम्बन्ध में दिनांक 27 सितम्बर 2020 को आयोजित कार्यशाला में समय से स्वयं प्रतिभाग करें एवं अपने अधीनस्थों को प्रतिभाग करने हेतु निर्देशित करें।
