आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 26 सितम्बर 2020-- सुरहन मार्टीनगंज में तहसील बनने के कारण विकास खण्ड मार्टीनगंज के आवासीय कमरों में तहसील मार्टीनगंज का संचालन किया जा रहा है, जिसका जिलाधिकारी राजेश कुमार द्वारा निरीक्षण किया गया।तहसील आवास पैकफेड द्वारा व तहसील मार्टीनगंज लैकफेड कार्यदायी संस्था द्वारा बनाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी मार्टीनगंज को निर्देश दिये कि जो खिड़की के दरवाजे टूटे हुए हैं, एवं जहाॅ प्लास्टर टूटे हैं उसे ठीक कराते हुए परिसर की रंगाई, पुताई व शौचालय का कार्य 15 दिन में पूर्ण करायें एवं विकास खण्ड परिसर में ही पार्किंग के लिए गेट के पास मिट्टी भरवाकर इण्टरलाॅकिंग करवाकर व्यवस्था करायें।
इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिये कि विकास खण्ड मार्टीनगंज के सामने जो पार्क है अवस्थित है, उसे सुव्यवस्थित करायें, जिसमें लोग स्वास्थ्य लाभ ले सकें।
इसी के साथ ही जिलाधिकारी द्वारा सुरहन, मार्टीनगंज में बन रहे नई तहसील, आवास व फायर स्टेशन मार्टीनगंज का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी द्वारा तहसील व आवास की गुणवत्ता की जाॅच के लिए एक्सीयन आरईएस को निर्देश दिये कि तहसील व आवास बनाने में जो ईंट व मसाले आदि अन्य सामग्रियों का प्रयोग हो रहा है, उसकी सैम्पलिंग की जाॅच कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी द्वारा एक्सीयन आरईएस से बन रहे तहसील के दीवालों के प्लास्टर की मोटाई की भी जाॅच करायी गयी।इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने उक्त कार्यदायी संस्था को निर्देश दिये कि तहसील, आवास व फायर स्टेशन को समय से पूर्ण करायें, क्वालिटी में किसी भी प्रकार का समझौता नही किया जायेगा।
इस अवसर पर एसडीएम मार्टीनगंज वागीश कुमार शुक्ला, पीडी अभिमन्यु सिंह, आरईएस के एक्सीयन, लैकफेड व पैकफेड कार्यदायी संस्था के सहायक अभियन्ता, बीडीओ मार्टीनगंज सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





