आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 07 सितम्बर-- जिलाधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कामगार और श्रमिक (सेवायोजन एवं रोजगार) आयोग की जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा प्रवासी/निवासी श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा उसका सेवामित्र पोर्टल पर अंकन किये जाने के सम्बन्ध में समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी ने सभी सदस्य विभागों में उपायुक्त उद्योग, खादी ग्रामोद्योग, श्रम, समाज कल्याण अधिकारी, पीओ डूडा को निर्देश दिये कि ई-प्रयास पोर्टल पर जो प्रवासी श्रमिकों का डाटा फीड है, उनको आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध लागिन आईडी के द्वारा रोजगार उपलब्ध कराते हुए सेवा मित्र पोर्टल पर अंकन करना सुनिश्चित करें। सेवामित्र पोर्टल पर प्रवासी श्रमिकों का डाटा अंकन करने में यदि किसी भी प्रकार की समस्या आ रही है तो सेवायोजन विभाग से सम्पर्क कर समस्याओं का निराकरण कर लें।
इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने सेवायोजन विभाग के सहायक रोजगार सहायता अधिकारी को निर्देश दिये कि जो भी डाटा सेवामित्र पोर्टल पर अंकन किये जा रहे हैं, उनकी मानीटरिंग करें एवं जिन विभागों द्वारा सेवामित्र पोर्टल पर प्रवासी श्रमिकों का डाटा अंकन किया जाना अवशेष है, उनकी रिपोर्ट बनाकर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराये जाने हेतु आईटीआई, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आनलाइन रोजगार मेला लगाये जाने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, डीआईओएस डाॅ0 वीके शर्मा, डीसी एनआरएलएम बीके मोहन, एलडीएम यूबीआई शंकन चन्द सामन्त, प्रभारी बीएसए अमरनाथ राय, सहायक रोजगार सहायता अधिकारी तनुजा यादव उपस्थित रहे।